Jaunpur News : गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

0
68

मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर गांव की घटना, पुलिस जांच में जुटी

जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घरेलू परिस्थितियों से आहत होकर एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हुसैनपुर गांव निवासी उदयराज गौड़ इटायें बाजार में पानी पूरी (फुल्की) बेचने का कार्य करता है। फुल्की बनाने के लिए गैस सिलेंडर का उपयोग किया जाता था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह घर का गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। इस पर उदयराज की 24 वर्षीय पत्नी विशाखा गौड़ ने सिलेंडर भरवाने की बात कही। पति ने काफी प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश गैस सिलेंडर नहीं भरवा सका।

बताया जा रहा है कि गैस न मिलने पर पति ने पत्नी से कुछ दिनों तक लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने और दुकान का सामान तैयार करने की सलाह दी। इसी बात को लेकर पत्नी काफी आहत हो गई। परिवार वालों के अनुसार पति बाहर लकड़ी की अंगीठी पर फुल्की तैयार करने में जुटा था, जबकि विशाखा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे के अंदर पंखे के हुक से साड़ी के सहारे विशाखा का शव लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here