इंदौर से उठी ‘छात्रों की गूंज’, जमालापुर में हुआ लाइव प्रसारण
डॉ. अनित तीर्थराज सिंह की पहल पर छात्रों और युवाओं ने देखा कार्यक्रम
जमालापुर/मड़ियाहूं। इंदौर के ‘भारत जोड़ो मैदान’ में 19 सितंबर को आयोजित कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का जमालापुर में लाइव प्रसारण कराया गया। डॉ. अनित तीर्थराज सिंह की पहल पर जमालापुर पोस्ट ऑफिस के बगल में आयोजित लाइव प्रसारण में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के संबोधन और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उपस्थित लोगों ने लाइव देखा और सुना। रोजगार, परीक्षा में अनियमितता एवं पेपर लीक सहित छात्र-युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी द्वारा व्यक्त विचारों को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर डॉ. अनित तीर्थराज सिंह ने कहा कि इंदौर के भारत जोड़ो मैदान से उठ रही छात्रों की आवाज को मड़ियाहूं के युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से लाइव प्रसारण कराया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं तथा उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि छात्र केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि समाज और देश के भविष्य की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं को अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। उन्होंने मड़ियाहूं क्षेत्र के युवाओं तक छात्रों से जुड़े मुद्दों को पहुंचाने के लिए आगे भी प्रयास जारी रखने की बात कही।
लाइव प्रसारण कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र और युवा मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य इंदौर में आयोजित कार्यक्रम के विचारों और संदेश को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाना था।














