पेंशन और जमीन के विवाद में मां-बेटी की हत्या का आरोप

0
401

पेंशन और जमीन के विवाद में मां-बेटी की हत्या का आरोप

कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से वार कर मां और बहन को उतारा मौत के घाट, घटना के बाद शवों के पास करता रहा तांडव

जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां पेंशन और जमीन के विवाद को लेकर एक युवक पर अपनी वृद्ध मां और सगी बहन की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी करीब एक घंटे तक दोनों शवों के पास कथित रूप से तांडव करता रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार सैदपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राजपति पटेल की पत्नी शीतला देवी (70) थीं। उनके छह बेटियां और एक बेटा भूपेंद्र पटेल था। ग्रामीणों के मुताबिक भूपेंद्र के व्यवहार से परेशान होकर करीब छह वर्ष पूर्व उसके पिता ने अपनी पूरी जमीन अपनी सबसे छोटी बेटी के नाम वसीयत कर दी थी। बाद में जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में कानूनी विवाद भी चला।

बताया जा रहा है कि मां को मिलने वाली पेंशन में से बेटी गोरा देवी (40) भी खर्च करती थी। इसी बात को लेकर भूपेंद्र और उसकी बहन के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर में मां, बेटे और बेटी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद भूपेंद्र घर से बाहर चला गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद वह कुल्हाड़ी लेकर घर लौटा और दरवाजे के बाहर गर्दन पर वार कर अपनी मां शीतला देवी की हत्या कर दी। मां को बचाने पहुंची गोरा देवी पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद घर का दरवाजा और आसपास का क्षेत्र खून से सन गया।

घटना के बाद आरोपी दोनों शवों के पास करीब एक घंटे तक मौजूद रहा। ग्रामीणों के अनुसार वह शवों के आसपास कथित रूप से तांडव करता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घर के अंदर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कथित हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

समाचार लिखे जाने तक परिवार की ओर से घटना के संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी, जिसके चलते प्राथमिकी दर्ज होने की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे जमीन तथा पेंशन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here