सुरेरी थाने में 2025 बैच के सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

0
86

सुरेरी थाने में 2025 बैच के सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
थाना परिसर स्थित कमरे में मिला शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

सुरेरी (जौनपुर)। सुरेरी थाना परिसर में रविवार की शाम 2025 बैच के सिपाही अभिषेक सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव थाना परिसर स्थित कमरे में मिला। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र के महुआपार गांव निवासी अभिषेक सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह वर्ष 2025 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में सुरेरी थाने में तैनात थे। रविवार की शाम करीब पांच बजे कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाना परिसर में टहलते हुए देखा था। उस समय वह सामान्य दिखाई दे रहे थे।

करीब छह बजे एक पुलिसकर्मी उनके कमरे के पास पहुंचा और आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिसकर्मी ने कमरे में जाकर देखा तो अभिषेक सिंह चद्दर के सहारे लटकते हुए मिले। यह देखकर उसने तत्काल अन्य पुलिसकर्मियों को सूचना दी। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारा और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई। मृतक सिपाही के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिपाही की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

घटना के बाद मृतक सिपाही के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, थाना परिसर में हुई इस घटना से पुलिसकर्मियों में भी गम और चिंता का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here