रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक कुंतल 200 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक कुंतल 200 ग्राम अवैध गांजा, तलाशी के दौरान 510 रुपये नकद तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद गांजे को प्लास्टिक की बोरियों में रखा गया था।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम ने धौरहरा नदी पुल भदोही-जौनपुर बॉर्डर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ छोटू पुत्र स्व. विरेंद्र सिंह निवासी ग्राम फिरोजपुर धरमपुर, थाना पुराकलंदर, जनपद अयोध्या तथा विनीत सिंह पुत्र भगत सिंह निवासी ग्राम नानाधापुर हसरो, थाना करौंदीकला, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से प्लास्टिक की बोरियों में कुल 1 कुंतल 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त जामा तलाशी में 510 रुपये और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
रामपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0-184/26, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट, थाना रामपुर, जनपद जौनपुर के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष रमेश कुमार के साथ कांस्टेबल सोनू यादव और कांस्टेबल मनीष कुमार सहित उपनिरीक्षक मंजीत कुमार, उपनिरीक्षक नरेन्द्र नाथ मिश्रा तथा हमराह पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
रामपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।














