बाइक सवार दबंगों ने घेरकर युवक को बेरहमी से पीटा

0
147

बाइक सवार दबंगों ने घेरकर युवक को बेरहमी से पीटा

अस्पताल से ड्यूटी कर घर लौटते समय हरिपुर के पास दिया घटना को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई गतिविधियां

जलालपुर। थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव के पास मंगलवार शाम बाइक सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया। हमले में युवक के सिर, चेहरे, पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

केराकत थाना क्षेत्र के कनुवानी गांव निवासी अमरजीत जलालपुर स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। मंगलवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि हरिपुर गांव के पास बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में अमरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले कुछ बाइक सवार युवक अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने वहां एक कर्मचारी से अमरजीत के ड्यूटी से निकलने का समय पूछा था। इसके बाद उसका पीछा करते हुए हरिपुर के पास रास्ते में उसे घेरकर मारपीट की गई।

अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपित युवकों की गतिविधियां और चेहरे कैद होने की बात सामने आई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। अमरजीत ने बुधवार सुबह पुलिस को तहरीर देने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया।

पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। हालांकि युवक के साथ मारपीट किए जाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद घटना के कारण और आरोपितों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here