ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन मड़ियाहूं के अध्यक्ष बने बृजराज चौरसिया, दूसरी बार मिली जिम्मेदारी

0
218

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन मड़ियाहूं के अध्यक्ष बने बृजराज चौरसिया, दूसरी बार मिली जिम्मेदारी

सर्वसम्मति से हुआ तहसील इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन, संगठन की मजबूती और विस्तार पर दिया गया जोर

जौनपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जौनपुर जनपद इकाई के अंतर्गत मड़ियाहूं तहसील इकाई के अध्यक्ष पद पर बृजराज चौरसिया को दूसरी बार सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। रविवार को मड़ियाहूं तहसील स्थित अधिवक्ता सभागार में आयोजित बैठक में जिला संयोजक लक्ष्मी मौर्य ने सदस्यों की सहमति के बाद उनके नाम की घोषणा की। बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन और संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।

बैठक दोपहर 12 बजे जिला संयोजक लक्ष्मी मौर्य की अध्यक्षता में शुरू हुई। इस दौरान तहसील अध्यक्ष के चयन को लेकर सदस्यों से राय मांगी गई। सभी सदस्यों ने एकमत होकर बृजराज चौरसिया को दोबारा अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। सदस्यों की सर्वसम्मत सहमति के बाद जिला संयोजक ने उन्हें तहसील अध्यक्ष घोषित किया।

इस अवसर पर जिला संयोजक लक्ष्मी मौर्य ने कहा कि बृजराज चौरसिया का कुशल व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व संगठन के सदस्यों को आपस में जोड़ने का काम करता है। यही कारण है कि सदस्यों ने उन पर दोबारा विश्वास जताते हुए अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चौरसिया अपने सहयोगियों के साथ परिवार की भावना से कार्य करते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए प्रयास करेंगे।

संबंधों की मजबूती से मजबूत होता है संगठन : प्रदीप पांडेय

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के मंडल महामंत्री प्रदीप कुमार पांडेय ने कहा कि संगठन बनते और बदलते रहते हैं, लेकिन आपसी संबंधों की अहमियत हमेशा बनी रहती है। उन्होंने संबंधों की तुलना कुम्हार के घड़े से करते हुए कहा कि टूटने के बाद भी रिश्तों को फिर से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बृजराज चौरसिया और संगठन के सदस्यों के बीच मजबूत जुड़ाव इसका उदाहरण है। आपसी सहयोग और समन्वय से ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

नवनियुक्त जिला संयोजक का हुआ स्वागत

बैठक से पूर्व मड़ियाहूं तहसील इकाई के सदस्यों ने नवनियुक्त जिला संयोजक लक्ष्मी मौर्य को माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही मंडल महामंत्री प्रदीप कुमार पांडेय तथा उनके सहयोगी वेद प्रकाश विश्वकर्मा का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

इस मौके पर मोहम्मद आरिफ खान, जय सिंह, संतोष कुमार दुबे, राहुल गुप्ता, अर्चना मिश्रा, निशांत सिंह, रवि सिंह, रवि केसरी, कमलेश कुमार यादव, हिमांशु विश्वकर्मा, मनोज सिंह, नवनीत कुमार सिंह, रामचंद्र मिश्र, वेद प्रकाश शुक्ला, जितेंद्र कुमार दुबे, मुकेश मोदनवाल, रोहित शुक्ला, जयप्रकाश मिश्रा, मनोज गुप्ता सहित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here