भुवाल सिंह फाउंडेशन और NIIT फाउंडेशन की पहल, डॉ. अनीत सिंह ने किया सेंटर का उद्घाटन
मड़ियाहूं/जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में मड़ियाहूं क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जमालापुर में भुवाल सिंह फाउंडेशन और NIIT फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर की शुरुआत की गई है। सेंटर में क्षेत्र के युवाओं को कंप्यूटर, डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े पाठ्यक्रमों का पूरी तरह नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सेंटर का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. अनीत सिंह ने रिबन काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, अभिभावक, भुवाल सिंह फाउंडेशन के सदस्य, NIIT फाउंडेशन की टीम तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉ. अनीत सिंह ने कहा कि आज के दौर में तकनीक रोजगार और विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। AI जैसी आधुनिक तकनीक अब केवल बड़े शहरों या महंगे संस्थानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मड़ियाहूं के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी आधुनिक तकनीक सीखकर देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अक्सर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को सीमित अवसरों के कारण 10-12 हजार रुपये की नौकरी के लिए मुंबई, सूरत, गुजरात और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे उन्हें अपने परिवार और बुजुर्ग माता-पिता से दूर रहना पड़ता है। भुवाल सिंह फाउंडेशन और NIIT फाउंडेशन की यह पहल युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में आधुनिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. अनीत सिंह ने कहा कि प्रतिभा ग्रामीण क्षेत्रों में भी भरपूर है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस सेंटर से जोड़ें और नि:शुल्क प्रशिक्षण का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि मड़ियाहूं और जौनपुर के युवा आधुनिक तकनीक में दक्ष होकर स्थानीय स्तर से ही देश-दुनिया के साथ काम करें। आने वाले समय में बड़ी टेक कंपनियां भी जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं, इसके लिए ऐसे प्रशिक्षण केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
भुवाल सिंह फाउंडेशन की इस पहल को क्षेत्र के युवाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार माना जा रहा है। सेंटर में कंप्यूटर साक्षरता, आधुनिक डिजिटल टूल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उन्नत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करना और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
डॉ. अनीत सिंह ने सेंटर को महज कंप्यूटर और मशीनों से जुड़ा संस्थान न बताते हुए इसे “युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मंदिर” बताया। उन्होंने कहा कि भुवाल सिंह फाउंडेशन धरातल पर ठोस बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में युवाओं के कौशल विकास के लिए इस तरह की पहल को और विस्तार दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में नि:शुल्क AI और कंप्यूटर प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा मिलेगी और उन्हें आधुनिक रोजगार के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।














