ऋषभांचल पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस का भव्य आयोजन
गाजियाबाद, 09 मई 2026। मेरठ रोड स्थित दुहाई रैपिड मेट्रो स्टेशन के समीप ऋषभांचल पब्लिक स्कूल में शनिवार को मातृ दिवस का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों, विशेष रूप से माताओं को सादर आमंत्रित किया गया था। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य मां श्री कौशल जी के आशीर्वाद एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित सभी माताओं का पुष्पगुच्छ एवं अभिनंदन के साथ स्वागत किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने अभिभावकों का हार्दिक स्वागत करते हुए बच्चों को माता-पिता के सम्मान का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मां बच्चे की पहली शिक्षिका होती है और उसका त्याग, ममता एवं बलिदान जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

मातृ दिवस के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। बच्चों ने गीत, कविता, नृत्य एवं भजन के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने सभागार में उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। बच्चों ने अपने हाथों से सुंदर एवं रंग-बिरंगे ग्रीटिंग कार्ड बनाकर अपनी माताओं को भेंट किए, जिसे देखकर माताएं भावविभोर हो उठीं।

विद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं खेल प्रतियोगिताओं में माताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मनोरंजक खेल, समूह नृत्य और भजन कार्यक्रमों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान साफ दिखाई दे रही थी।

विद्यालय की प्रधानाचार्य प्राची जैन एवं व्यवस्थापिका दीपाली जैन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि माँ के प्रति सम्मान और प्रेम प्रकट करने का विशेष अवसर है। कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं पूनम वर्मा, प्रतिमा त्यागी, नीलम सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
पत्रकार : राहुल वशिष्ठ













