चार दशक की पत्रकारिता यात्रा, 70 वर्ष की उम्र में भी कायम है जुनून
जौनपुर। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे का 70वां जन्मदिन जोगियापुर स्थित ‘नेताजी कहिन’ कार्यालय में पत्रकारों की मौजूदगी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर साथी पत्रकारों ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।
लोलारक दुबे ने अपने जीवन के 70 वर्ष पूरे करने के साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में भी लगभग चार दशक का लंबा सफर तय किया है। इस अवसर पर मौजूद पत्रकारों ने उनके पत्रकारिता जीवन के अनुभवों, सक्रियता और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी पत्रकारिता के प्रति उनका उत्साह और जुनून युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक है।
वरिष्ठ पत्रकार सी.पी. शुक्ला ने कहा कि लोलारक दुबे जौनपुर की पत्रकारिता जगत के अनुभवी और प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं। उन्होंने लंबे समय तक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की समस्याओं, जनसरोकारों और महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने रखने का कार्य किया है। उनकी सक्रियता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए सीख देने वाला है।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने लोलारक दुबे के दीर्घ पत्रकारिता अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर सोनू उपाध्याय, तबरेज नियाजी, कमलेश यादव, अनीश यादव, बुद्धि प्रकाश तिवारी, बख्तियावर, अनवर हुसैन, अबीस इमाम, अवधेश तिवारी, धर्मेंद्र निषाद, अंकित यादव सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
रिपोर्टर—दीपक शुक्ला














