ई-गवर्नेंस अभियान के तहत तहसील केराकत में 18 जून को विशेष समाधान शिविर, 24 घंटे में होगा निस्तारण

0
32

ई-गवर्नेंस अभियान के तहत तहसील केराकत में 18 जून को विशेष समाधान शिविर, 24 घंटे में होगा निस्तारण

केराकत, जौनपुर। शासन की ई-गवर्नेंस नीति के अंतर्गत आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 जून 2026 (गुरुवार) को तहसील परिसर केराकत में विशेष समाधान एवं जनसेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी उपजिलाधिकारी केराकत सुनील कुमार भारती ने दी।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर के दौरान आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, खतौनी की प्रतिलिपि, जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों के समाधान का लक्ष्य 24 घंटे के भीतर रखा गया है।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे। जिन नागरिकों को किसी योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है, उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को सरकारी योजनाओं, उनकी पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।

उपजिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक अभिलेखों के साथ शिविर में पहुंचकर शासन की जनहितकारी सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ई-गवर्नेंस के माध्यम से नागरिक सेवाओं को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा।

रिपोर्टर : दीपक शुक्ला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here