ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक व महिला की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

0
13

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक व महिला की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पिपरौल गांव के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक और महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगोली गांव निवासी गौरव वर्मा (20) पुत्र सियाराम वर्मा तथा करनपुर, लंभुआ (सुलतानपुर) निवासी नेहा वर्मा (24) पुत्री संतराम वर्मा एक ही बाइक से शाहगंज की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पिपरौल गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे को देखकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गौरव वर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नेहा वर्मा की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रक और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here