गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, घोषित था एक लाख का इनाम
गाजीपुर। चर्चित विनीत राय हत्याकांड में बुधवार देर रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली। होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय की हत्या के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई जवाबी फायरिंग में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
विनीत राय हत्याकांड ने पूरे गाजीपुर जिले में भारी आक्रोश पैदा कर दिया था। पुलिस जांच में कमलेश बिंद को इस सनसनीखेज हत्या का प्रमुख आरोपी माना जा रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं और उस पर पहले 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया।
गौरतलब है कि होटल व्यवसायी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की कुछ दिन पूर्व फुलनपुर स्थित होटल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कटरा गैंग के सरगना समेत कई लोगों को नामजद किया गया था। हत्या के बाद परिजनों और व्यापारियों में भारी रोष था तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मुठभेड़ को विनीत राय हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।














