जौनपुर में करंट लगने से NEET छात्र की मौत, पिता गंभीर रूप से झुलसे
सुरेरी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के सुरेरी गांव में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक हर्ष सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पिता पंकज सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक हर्ष सिंह नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार पंकज सिंह अपनी भैंस को घर के पास स्थित हरे चारे के खेत से हांकने गए थे। इसी दौरान खेत में फैले करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। पिता को बचाने के लिए उनका पुत्र हर्ष सिंह मौके पर पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
घटना देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भदोही के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने हर्ष सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं पंकज सिंह का इलाज जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की विद्युत लाइन काफी नीचे लटक रही थी। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को खेत में पानी भर जाने के कारण करंट फैल गया, जिससे यह हादसा हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस संबंध में प्रभारी थाना अध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। वहीं विद्युत विभाग के एसडीओ मुरलीधर मौर्य ने कहा कि तार लटकने की जानकारी उन्हें नहीं थी। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।














