नगर पंचायत रामपुर में सीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
रिपोर्टर : दीपक शुक्ला
रामपुर, जौनपुर।
नगर पंचायत रामपुर के पुरानी बाजार क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल द्वारा बुधवार को सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। शिलान्यास से पहले हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिलान्यास के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल ने कहा कि पुरानी बाजार क्षेत्र की सड़क काफी समय से खराब स्थिति में थी, जिससे राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या और गंभीर हो जाती थी। लोगों की लगातार मांग एवं जनसमस्याओं को देखते हुए पंडित दीनदयाल योजना के अंतर्गत सीसी सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत कराया गया है।

उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि बाजार क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने स्थानीय लोगों से निर्माण कार्य में सहयोग की अपील भी की।

कार्यक्रम में सुभाष चन्द्र जायसवाल उर्फ हिप्पी जायसवाल, वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, इरफान अंसारी, दीपक जायसवाल, महेंद्र जायसवाल, राजकुमार सेठ, पुष्कर जायसवाल, रिंकू दुबे, विपिन दुबे, शुक्ला, अमित चौरसिया एवं अरविंद कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए नगर पंचायत प्रशासन का आभार जताया। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से बाजार क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और आमजन को राहत मिलेगी।














