बड़ी जिम्मेदारी: डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह बने इंटक महासंघ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, श्रमिकों के हितों की कमान अब उनके हाथों में

0
14

बड़ी जिम्मेदारी: डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह बने इंटक महासंघ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, श्रमिकों के हितों की कमान अब उनके हाथों में

सामाजिक सेवा, जनकल्याण और श्रमिक हितों में उत्कृष्ट योगदान का मिला सम्मान, पूरे प्रदेश में संगठन विस्तार की सौंपी गई जिम्मेदारी

लखनऊ। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (महासंघ)–इंटक (INTUC Federation) ने सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनसेवी डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह को संगठन का उत्तर प्रदेश राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय द्वारा 14 जुलाई 2026 को नियुक्ति पत्र जारी किया गया। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह को सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा श्रमिकों के हितों के प्रति समर्पण को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने उनके नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि वे उत्तर प्रदेश में इंटक महासंघ को नई मजबूती और नई पहचान दिलाएंगे।

नियुक्ति पत्र में उन्हें प्रदेशभर में संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अंतर्गत राज्य, जिला, नगर, तहसील, ब्लॉक एवं इकाई स्तर पर संगठन को मजबूत करना, श्रमिकों को संगठन से जोड़ना, उनके अधिकारों की रक्षा करना, सदस्यता अभियान चलाना, श्रमिक सम्मेलन आयोजित करना तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करना शामिल है।

संगठन ने यह भी निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा निर्धारित नीतियों एवं निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा समय-समय पर संगठन की गतिविधियों और प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय कार्यालय को भेजी जाए। इसके अतिरिक्त नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के सात दिनों के भीतर प्रस्तावित पदग्रहण समारोह की तिथि भी राष्ट्रीय कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नियुक्ति पत्र में विश्वास व्यक्त किया गया है कि डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह अपने अनुभव, कुशल नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता के बल पर उत्तर प्रदेश में इंटक महासंघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा श्रमिकों के अधिकारों और कल्याण के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेंगे।

यह नियुक्ति पत्र भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (महासंघ)–इंटक के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष शैतान सिंह सोलंकी के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। संगठन की ओर से डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here