कष्ट भंजन हनुमान मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न
रामपुर , जौनपुर।
रामपुर नगर पंचायत क्षेत्र के मई ग्राम सभा स्थित प्रसिद्ध कष्ट भंजन हनुमान मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्री यज्ञ, पूजा-पाठ, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान शनिवार को विधिवत पूर्ण हुए। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं एवं संत-महात्माओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं सत्संग का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे साधु-संतों ने श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा, संस्कार एवं मानव कल्याण का संदेश दिया।
समापन समारोह में आयोजकों द्वारा साधु-संतों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा श्रद्धापूर्वक दक्षिणा प्रदान की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त किया। गांव के लोगों ने जगह-जगह संत-महात्माओं का स्वागत एवं सम्मान कर अपनी आस्था प्रकट की।

विशाल भंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने सेवा भाव से भोजन वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
इस अवसर पर आयोजक एवं शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुलाब चंद दुबे ने कहा कि कष्ट भंजन हनुमान मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव सामाजिक एकता, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय संस्कृति का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने सभी संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
ग्रामीणों ने इस आयोजन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सात दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम से पूरे मई ग्राम सभा एवं आसपास के क्षेत्रों में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।












