मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रामपुर, जौनपुर। मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार 09 मई 2026 को जौनपुर जिले के रामपुर विकास खंड अंतर्गत सेहरा गांव की पटेल बस्ती में वेल्सपन फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड नॉलेज एवं मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव की 150 से अधिक महिलाओं, किशोरियों तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समूह सखी मंजू देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत दिशा क्रिएशन के नवीन कुमार पांडेय ने मातृ दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष मई माह के दूसरे रविवार को मातृ दिवस मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत अमेरिका की एना जार्विस ने अपनी मां की स्मृति में की थी। उन्होंने कहा कि मां का हमारे जीवन में सबसे महत्वपूर्ण स्थान होता है और प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपनी मां का सम्मान करे तथा उनके स्वास्थ्य और सुख-सुविधाओं का ध्यान रखे।

उन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए अटल पेंशन योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और बच्चों की देखभाल में इतनी व्यस्त रहती हैं कि अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, जबकि स्वस्थ मां ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है।
बाल विकास परियोजना कार्यालय से आई मुख्य सेविका माया देवी ने मातृत्व के त्याग, समर्पण और महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य, खानपान और नियमित जांच के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। साथ ही परिवार के सदस्यों को भी अपनी माताओं के लिए समय निकालना चाहिए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और किशोरियों के बीच मातृ दिवस विषयक विचार गोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उमाशंकर, जयदेवी, पूजा भारती एवं रीता सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन उमा शंकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रीता सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। आयोजन के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया।












