जौनपुर में जमीन विवाद को लेकर युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा, मोबाइल टावर पर चढ़ा

0
19

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के उत्तरीजपुर गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा करता रहा। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा युवक को नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

जानकारी के अनुसार, विशेश्वरपुर (साईनाथ) निवासी लगभग 30 वर्षीय श्रीप्रकाश यादव पुत्र राजाराम यादव ने अपनी जमीन के सीमांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। युवक का कहना था कि गाटा संख्या 250 की जमीन का गलत सीमांकन किया जा रहा है और दबाव बनाकर उसकी भूमि कब्जाने की कोशिश हो रही है। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद राजस्व विभाग और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

इसी नाराजगी में युवक गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं बैठकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगा। युवक लगातार उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक करीब तीन घंटे तक तेज धूप में टावर पर बैठा रहा, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक बातचीत कर युवक को शांत कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने भी उसे नीचे उतरने की अपील की।

घटना के चलते इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने युवक को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की गई। खबर लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे और मामले की जांच की जा रही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here