बकरीद को लेकर रामपुर थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

0
30

बकरीद को लेकर रामपुर थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

रामपुर,जौनपुर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रामपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने की। बैठक में हिन्दू एवं मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने कहा कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति का प्रतीक है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों को इधर-उधर न फेंका जाए, बल्कि खुले स्थान पर गड्ढा खोदकर सुरक्षित तरीके से दबाने की व्यवस्था की जाए, जिससे स्वच्छता बनी रहे और किसी प्रकार की सामाजिक असहजता उत्पन्न न हो।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं है। सभी लोग अपने घरों अथवा मस्जिदों के अंदर ही नमाज पढ़ें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की गई।

बैठक में उपस्थित रामपुर विद्युत उपखंड अधिकारी मुरलीधर मौर्य ने उपभोक्ताओं को बिजली के सुरक्षित एवं नियमानुसार उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास एक किलोवाट का कनेक्शन है, वे केवल बत्ती, पंखा एवं कूलर का ही प्रयोग करें। हीटर, इंडक्शन अथवा अधिक लोड वाले उपकरणों का उपयोग करने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है तथा आवश्यक होने पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक मंगरु राम यादव, उपनिरीक्षक रामाश्रय कुशवाहा,उपनिरीक्षक मोहम्मद इस्लाम, उपनिरीक्षक बाबूराम बिंद,नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल, विमल कुमार सिंह, दीपक शुक्ला, सुमित सहित बड़ी संख्या में हिन्दू समाज एवं मुस्लिम बिरादरी के लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here