खंभे पर ही एक मिनट तक चिपका रहा लाइनमैन, करंट लगने से दर्दनाक मौत
बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप, परिजनों ने कार्रवाई व मुआवजे की उठाई मांग
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के निगोह फीडर अंतर्गत बरेठी गांव में विद्युत लाइन की मरम्मत के दौरान संविदा लाइनमैन अशोक यादव की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बाधित हो गई थी। इसी खराबी को ठीक करने के लिए संविदा लाइनमैन अशोक यादव निगोह फीडर के बरेठी गांव में खंभे पर चढ़कर हाईवोल्ट लाइन दुरुस्त कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कार्य शुरू करने से पहले अशोक यादव ने पावर हाउस पर फोन कर विधिवत “शटडाउन” लिया था, ताकि लाइन में करंट न रहे और सुरक्षित तरीके से काम किया जा सके।
लेकिन मरम्मत कार्य के दौरान अचानक लाइन चालू हो गई, जिससे खंभे पर कार्य कर रहे अशोक यादव तेज करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने के बाद वह करीब एक मिनट तक खंभे पर ही चिपके रहे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। काफी प्रयासों के बाद उन्हें नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि “मेरे पिता ने शटडाउन लेने के बाद ही खंभे पर चढ़कर काम शुरू किया था, लेकिन जिम्मेदार एसएसओ की लापरवाही से बिजली चालू कर दी गई, जिससे उनके पिता की जान चली गई।” परिजनों ने इसे सीधे तौर पर विभागीय लापरवाही बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और एक्सईएन को तत्काल दी गई, लेकिन हादसे के करीब तीन घंटे बाद तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार तथा बरसठी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुटे रहे। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हो गए। लोगों ने दोषी बिजली कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।














