मड़ियाहूं में 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पिपरा गांव में शुक्रवार को एक 14 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पिपरा गांव निवासी सुरेश यादव का पुत्र आर्यन यादव (14) शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे घर से निकला था। परिजनों के अनुसार वह भोजन करने के बाद घर से बाहर गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। शाम करीब 4:30 बजे गांव से लगभग 400 मीटर दूर बांध के पास जंगल में एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान आर्यन यादव के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्राम प्रधान की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से एक माचिस तथा शव के पास से बीड़ी का एक बंडल बरामद हुआ है। शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बताया जाता है कि आर्यन यादव अपने ननिहाल नारायणपुर गांव में रहकर पढ़ाई करता था और गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपने पैतृक गांव पिपरा आया हुआ था।
क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।














