बक्शा में मारपीट के दौरान युवक की मौत, गांव में तनाव; भारी पुलिस बल तैनात

0
4

बक्शा में मारपीट के दौरान युवक की मौत, गांव में तनाव; भारी पुलिस बल तैनात

जौनपुर, 22 जून। जनपद के बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत मई गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो जाने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सुमित कुमार सिंह (20 वर्ष) पुत्र नीरज कुमार सिंह उर्फ गुड्डू, निवासी देवरिया (बदलापुर), सोमवार दोपहर अपने कुछ साथियों के साथ बाइक बनवाने के लिए मई बाजार आया था। इसी दौरान वहां मौजूद दूसरे पक्ष के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि मारपीट के दौरान सुमित कुमार सिंह पर पास में रखे बांस-बल्ली से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, सीओ बदलापुर, थानाध्यक्ष बदलापुर, थानाध्यक्ष तेजी बाजार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

मृतक के पिता नीरज कुमार सिंह उर्फ गुड्डू ने बताया कि उनके दो पुत्र थे, जिनमें सुमित सबसे छोटा था। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here