Jaunpur : रामपुर में द्वारपूजा के दौरान बाराती-घराती में जमकर मारपीट, कई घायल, वाहनों में तोड़फोड़
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिधवन गांव में गुरुवार 7 मई को एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब द्वारपूजा के दौरान बाराती और घराती पक्ष के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब दस लोग घायल हो गए, जबकि दो वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि दूल्हे की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर (डिहवा) गांव से बारात सिधवन गांव आई थी। बारात पहुंचने के बाद जलपान कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन द्वारपूजा के समय किसी बात को लेकर बाराती और घराती पक्ष के लोगों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मौके पर जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
मारपीट की घटना में घराती पक्ष से हर्षित मिश्रा (18) पुत्र आलोक मिश्रा, ब्रह्मदेव मिश्रा (40) पुत्र बंशराज मिश्रा, गोली दुबे (60), गणेश मिश्रा (22) पुत्र पप्पू मिश्रा तथा अर्जुन मिश्रा (32) पुत्र मुन्नू मिश्रा घायल हो गए। बताया गया कि इनमें दो से तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार भदोही के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
घटना के बाद शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया। वहीं मारपीट और तोड़फोड़ की सूचना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक मामले की जानकारी नहीं है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त होती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












