अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान में भव्य समारोह, बढ़े मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित

0
17

अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान में भव्य समारोह, बढ़े मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित

जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग जौनपुर द्वारा आयोजित “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह” शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अनुदेशकों एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। समारोह के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री गिरीश चंद्र यादव ने अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय 17 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं अनुदेशकों के सम्मान, सुरक्षा और हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से विद्यालयों में निरंतर सेवाएं दे रहे अंशकालिक अनुदेशकों के योगदान को देखते हुए सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी अनुदेशकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर. के. पटेल, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इसके उपरांत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह को जीवंत बना दिया। उच्च प्राथमिक विद्यालय गुतपुर गेलवा, उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरैनी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामनगर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समारोह स्थल पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं शैक्षिक योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। इनमें निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा, पुस्तक वितरण एवं छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय प्रयासों की सराहना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने की बात कही।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। सम्मान प्राप्त करने वाले अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार एवं बेसिक शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके सम्मान और मनोबल को बढ़ाने वाला कदम बताया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में शिक्षकों एवं अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनपद प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। समारोह का संचालन विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here