नवागत जिलाधिकारी श्री सॉमुअल पाल एन ने सीड़ा क्षेत्र का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

0
21

नवागत जिलाधिकारी श्री सॉमुअल पाल एन ने सीड़ा क्षेत्र का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

रिपोर्टर : दीपक शुक्ला

जौनपुर। जनपद के नवागत जिलाधिकारी श्री सॉमुअल पाल एन ने गुरुवार को सीड़ा क्षेत्र का दौरा कर अटल योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र में व्याप्त गंदगी और खराब सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री सॉमुअल पाल एन ने निरीक्षण के दौरान रिमझिम पावर प्लांट से निकल रहे धुएँ को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यावरण प्रदूषण फैल रहा है, जो आम जनमानस के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल नोटिस जारी करने तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सीड़ा क्षेत्र को हरित एवं स्वच्छ बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ग्रीन बेल्ट विकसित करने, पार्कों में अधिक से अधिक पौधरोपण कराने तथा पशु-पक्षियों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के लिए यह आवश्यक कदम हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस चौकी के आगे एवं पीछे पड़े कबाड़ को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय के प्रवेश द्वार, प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों के सुंदरीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने हेतु सीड़ा प्रबंधक को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी के इस निरीक्षण से संबंधित विभागों में सक्रियता बढ़ गई है तथा अधिकारियों को विकास कार्यों एवं साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर एसीओ सीड़ा आशुतोष सहाय पाठक, सीड़ा प्रबंधक सीमा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here