रामपुर में अज्ञात कार की चपेट में आने से राहगीर की मौत, दूसरा गंभीर

0
29

रामपुर में अज्ञात कार की चपेट में आने से राहगीर की मौत, दूसरा गंभीर

रामपुर, जौनपुर। जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार लगभग दोपहर 2 बजे स्थानीय कस्बे के समीप स्थित वाल्थर पब्लिक स्कूल के पास मोहम्मद शारिक उमरी (23) पुत्र इश्तियाक अहमद निवासी भदोही अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। उसी दौरान सड़क किनारे खड़े लगभग 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी। शारिक ने उसे बाइक पर बैठा लिया और दोनों आगे बढ़ने लगे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही बाइक कुछ दूरी आगे बढ़ी, तभी तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार और पीछे बैठे व्यक्ति सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सड़क किनारे से उठाकर एंबुलेंस 108 की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मोहम्मद शारिक का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मृत व्यक्ति ने केसरिया रंग का कुर्ता तथा काले रंग की धारीदार लोअर पहन रखा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी में रखवा दिया।

पुलिस अज्ञात कार और चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here