मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
जौनपुर। मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में शुक्रवार को 4/98 बीएन एनसीसी मड़ियाहूं इकाई की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संदर्भ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 98 अप बीएन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आलोक सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें एनसीसी कैडेटों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के प्रति अपना समर्पण व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ झंडारोहण के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं एनसीसी गान प्रस्तुत किया। कैडेटों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धियों एवं भारतीय सेना के शौर्य को याद करते हुए देशभक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
वक्ताओं ने कहा कि आज ही के दिन एक वर्ष पूर्व भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से अपना पराक्रम पूरी दुनिया को दिखाया था। इस अभियान के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी ठिकानों को बेहद कम समय में ध्वस्त कर अपने मजबूत इरादों और सैन्य क्षमता का परिचय दिया था। कार्यक्रम में बताया गया कि इस ऑपरेशन में राफेल लड़ाकू विमानों, क्रूज मिसाइलों तथा ड्रोन तकनीक का प्रभावी उपयोग किया गया था और भारतीय सेना ने मात्र 20 मिनट में दुश्मन के कई आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया था।
इस अवसर पर डॉ. विवेक कुमार मिश्र, डॉ. सुशील मिश्रा, डॉ. बृजेश चौबे, डॉ. आजाद सिंह सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक उपस्थित रहे। महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. अजय कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा युवाओं को राष्ट्रहित में सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में कैप्टन यश के पाठक, प्राचार्य मड़ियाहूं पीजी कॉलेज ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्रों से देश सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने और अनुशासन व राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।












