अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लाइन सभागार में हुई महत्वपूर्ण गोष्ठी, हेड मोहरिरों को दिए गए कड़े निर्देश
जौनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराधी सत्यापन शाखा एवं जनपद के समस्त थानों के हेड मोहरिरों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर श्री कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक अपराध/नगर श्री गोल्डी गुप्ता ने की।
गोष्ठी में गैंगस्टर एक्ट, गुण्डा एक्ट एवं हिस्ट्रीशीटर (एचएस) अपराधियों से संबंधित अभिलेखों के रख-रखाव, सत्यापन तथा समयबद्ध कार्रवाई को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक ने सभी हेड मोहरिरों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपराधियों से जुड़े सभी अभिलेखों का नियमित परीक्षण किया जाए तथा उनका अद्यतनकरण समय से सुनिश्चित किया जाए, जिससे अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि वांछित एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के अनुरूप त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे। साथ ही गैंगस्टर, गुण्डा एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों से संबंधित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी के दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों की उपलब्धता, उनके रख-रखाव एवं आपात स्थिति में प्रभावी उपयोग को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई। सभी थानों को निर्देश दिए गए कि उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जाए और उन्हें सदैव क्रियाशील अवस्था में रखा जाए, जिससे किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सके।
इसके अलावा थानों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अनुशासन, व्यवहारिक पुलिसिंग एवं कार्यकुशलता से जुड़े प्रशिक्षण को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षु आरक्षी भविष्य में पुलिस दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।














