उड़ीसा से भदोही तक गांजा सप्लाई का बड़ा खेल बेनकाब, 3 करोड़ की खेप संग 4 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
20

भदोही, 20 मई। जनपद पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना कोईरौना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 604.20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में जिलेभर में अपराध एवं मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई को अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में थाना कोईरौना पुलिस और स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर भदोही की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और ग्राम रैयापुर स्थित भावापुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक कंटेनर और उसके आगे चल रही क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक कंटेनर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिशूल जायसवाल निवासी प्रयागराज, बाबूराम मौर्य निवासी आजमगढ़, सुरेन धरई एवं मोंटू साहू निवासी देवगढ़, उड़ीसा के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजे की खेप लाकर भदोही समेत आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। तस्कर गांजे को ट्रक कंटेनर में छिपाकर लाते थे, जबकि क्रेटा कार आगे चलकर रास्ते की निगरानी और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखती थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह का संचालन त्रिशूल जायसवाल करता था, जो लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी के कारोबार में सक्रिय है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोईरौना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। वहीं गिरोह से जुड़े अन्य फरार तस्करों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

जनपद पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here