जौनपुर की बेटी सुष्मिता सिंह बनीं IFS अफसर, ऑल इंडिया 32वीं रैंक से बढ़ाया जिले का मान
जौनपुर)।
जौनपुर जिले के रामपुर विकास खंड अंतर्गत सूरेरी क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव की बेटी सुष्मिता सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया 32वीं रैंक हासिल कर भारतीय वन सेवा (IFS) में चयनित होकर पूरे जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। मंगलवार देर शाम गांव पहुंचने पर ग्रामीणों एवं परिजनों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
सुष्मिता सिंह का चयन ऐसे समय में हुआ है जब ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र की बेटियों और युवाओं को नई प्रेरणा मिली है।

छठे प्रयास में मिली सफलता
सुष्मिता सिंह ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद देहरादून के एक इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की। लगातार संघर्ष और मेहनत के बाद छठे प्रयास में उन्होंने यह बड़ी सफलता हासिल की।
परिवारजनों के अनुसार सुष्मिता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी, अनुशासित और मेहनती रही हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ती रहीं।

परिवार में शिक्षा और सेवा का माहौल
सुष्मिता सिंह, भानु प्रताप सिंह और इंद्रावती सिंह की पुत्री हैं। उनके पिता भारतीय वन सेवा (IFS) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। चार बहनों में सुष्मिता सबसे बड़ी हैं। उनकी एक बहन नम्रता सिंह सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं, जबकि दूसरी बहन इंजीनियर और सबसे छोटी बहन मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं। परिवार में शिक्षा और सेवा का वातावरण होने के कारण सुष्मिता को शुरू से ही आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही।

पिता बोले – संघर्ष और मेहनत का मिला फल
सुष्मिता के पिता भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही लक्ष्य के प्रति गंभीर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी सुष्मिता ने धैर्य नहीं खोया और लगातार प्रयास करती रही। परिवार को उसकी मेहनत और लगन पर हमेशा विश्वास था।
माता इंद्रावती सिंह ने बेटी की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।

स्वागत समारोह में उमड़े ग्रामीण
गांव में आयोजित स्वागत समारोह में ग्राम प्रधान कल्लू सिंह, डॉ. सुभाष गुप्ता, पूर्व प्रधान विपिन कुमार सिंह (टिंकू), बच्चन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि सुष्मिता सिंह की सफलता गांव और क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी।
ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। देर रात तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।














