हाई वोल्टेज करंट से झुलसे मजदूर के इलाज को लेकर महिलाओं का थाने पर प्रदर्शन
टेंट मालिक पर इलाज का खर्च न उठाने का आरोप, पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
चंदवक, जौनपुर। थाना क्षेत्र के उमरवार गांव में दो सप्ताह पूर्व हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे मजदूर के समुचित इलाज की मांग को लेकर महिलाओं ने थाना परिसर में प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया तथा अगले दिन सुनवाई कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार हरिहरपुर गांव निवासी 40 वर्षीय लखेन्दर राम उमरवार गांव में भैयालाल यादव के यहां आयोजित शादी समारोह में टेंट लगाने का कार्य कर रहे थे। जिस स्थान पर टेंट लगाया जा रहा था, उसके ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली का तार गुजरा था। टेंट लगाने के दौरान लोहे का पोल अचानक बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे लखेन्दर राम करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।
मजदूर को बचाने के प्रयास में मनीष टेंट हाउस के संचालक प्रेमचंद यादव निवासी हरिहरपुर भी करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्रेमचंद यादव की हालत प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य बताई गई, वहीं लखेन्दर राम की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं और परिजनों का आरोप था कि टेंट हाउस संचालक ने घायल मजदूर का पूरा इलाज कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वह इलाज का खर्च उठाने से पीछे हट रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण घायल का समुचित उपचार नहीं हो पा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह के अवकाश पर होने के कारण प्रभारी थानाध्यक्ष ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाकर शांत कराया और अगले दिन मामले की सुनवाई कर उचित समाधान कराने का भरोसा दिलाया।











